195 जोड़ों ने समारोह में लिए फेरे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 195 जोड़ों ने एक-दूजे का हाथ थामा। गायत्री परिवार के पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शादी की रस्में पूरी कराईं। बीएनवी इंटर कालेज के खेल मैदान में आयोजित समारोह में शादी के लिए राठ, सरीला, मौदहा, मुस्कुरा, सुमेरपुर, कुरारा, गोहांड ब्लॉक से 211 वर व वधुओं का रजिस्ट्रेशन हुआ था।
इसमें पंजीकृत 16 जोड़े नहीं पहुंचे। पहली वर माला वरदा की आराधना ने सरसई के राजेंद्र को पहनाई। खुशबू मनकीकला ने अखिलेश जालौन, पाना बहगांव ने कैलाश पिपरी, मंजू जल्ला ने रोशन आनंदपुर, रिचा धमना ने लक्ष्मण सिंह जालौन, जूली नौरंगा ने धीरेंद्र बंधौली को वर माला डाली।
समारोह की अध्यक्षता गोहांड ब्लाक प्रमुख अरविंद मुखिया ने की। विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, डीएम डॉ चंद्रभूषण त्रिपाठी, एसपी शुभम पटेल, ब्लॉक प्रमुख रामदुलारी अनुरागी, एसडीएम राठ पवन प्रकाश पाठक मौजूद रहे।