15 कुम्हरौड़ा मोहल्ले में लगी भीड़, जानकारी करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
एम काम के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के पीछे परिजनों ने सेवानिवृत्त फौजी पर गलत आरोप लगाने के साथ धमकी दिए जाने से क्षुब्ध होकर यह कदम उठाने की बात कही है। पुलिस ने मामले की सूचना पर सेवानिवत्त फौजी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कुम्हरौड़ा निवासी महेंद्र कुमार (22) एमकाम का छात्र था। उसके पिता केदार प्रजापति ने बताया कि वह महोबा में शिक्षा ग्रहण कर रहा था। वहीं मृतकके चाचा छोटेलाल प्रजापति पूर्व सभासद ने बताया कि पड़ोसी सेवानिवृत्त फौजी ओमप्रकाश छात्राओं का हॉस्टल चलाता है। 22 सितंबर को फौजी उसके भाई के घर आया और महेंद्र कुमार को सामने लाने की धमकी देते हुए मनगढंत आरोप लगाते हुए जानमाल की धमकी दी। शुक्रवार को महेंद्र जैसे ही महोबा से घर आया उसके पिता ने उसे फटकारते हुए पूर्व फौजी के आरोपों के बारे में पूछताछ की। इस पर महेंद्र ने खाना नहीं खाया और उदास होकर मकान के पीछे वाले कमरे में चला गया।
जहां उसने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब महेंद्र कमरे से बाहर नहीं निकला तो जानकारी हुई। परिजनों ने इसकी सूचना कोतवाली में दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने फौजी को ही आत्महत्या को प्रेरित करने का जिम्मेदार ठहराते हुए कोतवाली में तहरीर दी। जहां पुलिस ने आरोपी फौजी के खिलाफ आत्महत्या को प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है।