जिले के दो थाना क्षेत्रों में हुई हर्ष फायरिंग में दो लोग घायल हो गए।
मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गुसियारी गांव में रविवार रात नौटंकी के दौरान की
गई हर्ष फायरिंग में एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। दूसरी घटना थाना
कुरारा के बचरौली गांव में हुई है, जहां बैंडबाजे वाला छर्रे लगने से जख्मी
हो गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
मौदहा
के गुसियारी गांव से शनिवार को एक बारात गई थी। रविवार को बारात लौटकर आई
तो रात में नौटंकी कार्यक्रम रखा गया। नर्तकी के नृत्य के दौरान एक युवक ने
हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।
जिससे एक गोली गांव निवासी नासिर शाह के लग गई।
वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा तो नौटंकी में भगदड़ मच गई और लोग घायल
को मौके पर पड़ा छोड़कर भाग खड़े हुए। बाद में सूचना पाकर पहुंचे घायल के
परिजन उसे इलाज के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक
उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने
घायल के मामा अब्दुल फहीम की तहरीर पर गांव निवासी सलीम टेंशन के विरुद्ध
रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल हवलदार सिंह का कहना है कि नौटंकी की सूचना
पुलिस को नहीं दी गई थी।
हर्ष फायरिंग को किसी भी प्रकार से बर्दाश्त नहीं
किया जाएगा। उधर, थाना कुरारा के बचरौली गांव में बारात लौटकर आई थी।
कुछ लोग खुशी में हर्ष फायरिंग कर रहे थे, तभी बैंडबाजा बजा रहे बृजेंद्र
उर्फ बौरा के छर्रे लग गए।
थानाध्यक्ष शिवमिलन सिंह ने हर्ष फायरिंग की
घटना से इंकार किया है। बताया कि गांव का पप्पू तमंचे से छेड़छाड़ कर रहा
था तभी गोली चल गई। गोली बृजेंद्र को लगी है। कहा कि हालत ठीक है फिलहाल
उसे कानपुर ले जाया गया है। उन्हें चौकीदार ने फौरी सूचना दी है।