गहरौली (हमीरपुर)। क्षेत्र के अलरा गांव के एक घर में मंगलवार की रात चोर घर में घुस गए। तभी घर की महिला को आहट लगने पर वह उन पर पत्थर मारने लगी। इससे चोरों ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया लेकिन वह बाल बाल बच गई। फायर की आवाज पर जागे पड़ोसियों ने लाइसेंसी बंदूकों से जवाबी फायरिंग की। इससे चोर भाग खड़े हुए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना उसी समय पुलिस को फोन से दी। पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई।
बीते सप्ताह गांव में हुईं दो बड़ी चोरियों का अब तक खुलासा न होने से ग्रामीणों में दहशत है। गांव निवासी कालीदीन ने बताया कि बीत रात करीब 12 बजे उसके घर में तीन चोर घुसे थे जिसकी आहट पर बहू जाग गई और वह चोरों पर पत्थर मारने लगी। घबराए चोरों ने महिला के ऊपर फायर कर दिया। लेकिन महिला बाल-बाल बच गई। फायर की आवाज सुनकर मोहल्ले के पड़ोसी जाग और अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर करने लगे। इससे चोर जंगल की ओर भाग खड़े हुए। गांव के पुष्पेंद्र कुमार, जगजीवन यादव ने बताया कि रात में ही घटना की सूचना देने के लिए थाना पुलिस को कई बार फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। इस पर प्रधान के भाई ललित ने गांव निवासी कर्वी में तैनात जीआरपी इंस्पेक्टर रमेश कुमार को दी। इस पर उन्होंने मुस्करा थानाध्यक्ष को फोन किया और पुलिस गांव पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।