गोदाम के पीछे पड़ा राशन का चावल देखते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे के गल्ला मंडी स्थित मार्केटिंग विभाग के पीडीएस गोदाम से शनिवार रात चोरों ने राशन के चावल की बोरियां चुरा लीं। ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवानको इसकी भनक लगने पर चोर कुछ बोरियां छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने जांच शुरू की है।
गल्ला मंडी स्थित पीडीएस गोदाम में हजारों टन राशन की सामग्री रखी रहती है। शनिवार रात गोदाम के पीछे पीआरडी के सुरक्षा कर्मियों ने राशन के चावल से भरी दो बोरियां पड़ी देखीं। इस पर उन्हें गोदाम में चोर होने की आशंका हुई। रविवार सुबह करीब पांच बजे एक चोर गोदाम के पीछे पहुंचा और चावल से भरी बोरियां ले जाने लगा।
मंडी के सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो चोर पेड़ पर चढ़कर खेतों की ओर भाग गया। सुरक्षा कर्मी हरदास, अमरचंद्र और वीरेंद्र ने बताया कि गोदाम में काम करने वाले मजदूरों की मिलीभगत से चोरी हो रही है। उन्होंने गोदाम के तालों की डुप्लीकेट चाबी होने की आशंका जताई है। बताया कि छल्ली के ऊपर बने रोशनदान से बोरियां गोदाम के पीछे फेंकी गई थीं। एसएमआई विनय ने बताया कि थाने में तहरीर दी गई है। दो बोरी चावल गायब है। एक साल पहले चौकीदार बृजलाल का प्रमोशन विपणन सहायक के पद पर हुआ था। तबसे आज तक गोदाम में एक भी चौकीदार नहीं है।