पकड़े गए जालसाजों से पूछताछ करते एसपी मुनीराज जी।
- फोटो : अमर उजाला
बैंकों से खाता धारकों को चकमा देकर एटीएम कोड पूछकर उन्हें चपत लगाने वाले दो जालसाजों को पुलिस ने साइबर क्राइम टीम की मदद से दबोचा है। कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
खाता धारकों का एटीएम नंबर व पिन पता कर जालसाज आनलाइन शॉपिंग कर खाता धारकों को चपत लगाते रहे हैं। कस्बे में बीते तीन माह में करीब ऐसी दो दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। इस मामले की कई शिकायतों के आने पर एसपी मुनिराज जी ने अपराधों को गंभीरता से लिया।
एसपी ने साइबर क्राइम ब्रांच के साथ मौदहा पुलिस को इन जालसाजों की खोज में लगाया और इस पर उन्होंने कामयाबी भी हासिल की। एसपी ने बताया कि साइबर क्राइम ब्रांच ने इस मामले में दो जालसाज नारायण निवासी मुईनुद्दीन व निजामुद्दीन खान को गिरफ्त में ले लिया।
बताया कि कस्बे के हैदरगंज मोहल्ला निवासी एलपी पीपरा के एटीएम से बीते आठ जनवरी को नौ हजार रुपये निकल गए थे। उसकी सूचना कोतवाली पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धारा 420 के तहत दर्ज कर ली थी।
इसी तरह दूसरी घटना में थाना बिवांर क्षेत्र के रोहारी गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद के साथ घटी। उसके बैंक खाते के एटीएम के जरिए 1,81,916 रुपये की शॉपिंग की गई। लगातार कई दिनों से माथा पच्ची करने के बाद जालसाजी करने वाले यह युवक प्रकाश में आ सके ।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए जालसाजों पर छत्तीसगढ़, रायपुर में भी मामले दर्ज हैं। मौजूदा समय में यह किसी चैनल में नोएडा में ट्रेनिंग कर रहे थे और यहां आकर एटीएम के पास खड़े होकर उनके नंबर देख लाखों का वारा न्यारा करते थे।