क्षेत्र के जरिया गांव में पानी निकासी को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। जिसमें एक पक्ष के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें झांसी रेफर किया गया है। घायलों ने एसडीएम के आदेश के बाद भी पुलिस पर न्याय संगत कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षाें के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज किया है।
जरिया गांव के जोधा यादव (50) के मकान के आगे बनी नाली उसके पारिवारिक भतीजे राजू ने मिट्टी डालकर बंद कर दी। जिससे गांव का पानी निकलना बंद हो गया था। जोधा ने बताया कि चार दिन पहले उसने इसकी शिकायत एसडीएम से की थी। जिस पर एसडीएम ने थानाध्यक्ष जरिया को बंद नाली खुलवाकर पानी निकासी का आदेश दिया था। इसके बाद पुलिस मौके पर आई, लेकिन राजू ने मिट्टी हटाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस वापस चली गई।
मंगलवार रात हुई जोरदार बारिश से जोधा के मकान में पानी भर गया। तो वह अपने बेटे बलवीर के साथ नाली की मिट्टी हटाने लगा, तो राजू व उसके भाई हेमंत व घर की महिलाओं ने फावड़ा व कुल्हाड़ी से उन पर हमला बोल दिया। बलवीर के सिर पर कुल्हाड़ी लग जाने से वह लहूलुहान हो गया। जब उसकी मां उसे बचाने आई, तो उसे भी फावड़ा मारकर घायल कर दिया और जोधा के सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया। छीनाझपटी में दूसरे पक्ष के राजू को भी चोट लगी हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल जोधा, उसकी पत्नी व बेटे बलवीर को सीएचसी सरीला लाई। जहां हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर कर दिया गया है। थानाध्यक्ष जरिया स्वामीनाथ ने बताया कि जोधा की तहरीर पर राजू, हेमंत व चंद्रवती तथा दूसरे पक्ष के राजू की तहरीर पर जोधा, बलवीर व सुशील के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।