किसान दिवस में किसानों ने राहत पैकेज की धनराशि को
बंटवाने और यूरिया खाद न मिलने सहित कई मुद्दे उठाए। बैठक की अध्यक्षता कर
रहे सीडीओ एबी सिंह ने समस्याओं का समय से निस्तारण कराने की बात कही।
कुरारा कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी के बैठक में न आने पर सीडीओ ने कहा कि
कड़ी चेतावनी के साथ पत्र लिखा जाएगा।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित
किसान दिवस में किसान सुशील चंद्र शुक्ला ने कहा कि जिले में 47.68 करोड़
रुपये राहत पैकेज का आया है। इस पर किसान ने उप कृषि निदेशक से जानकारी
मांगी। उप कृषि निदेशक चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि लाभार्थियों की सूची
एडीएम की देखरेख में तैयार की जा रही है।
सूची बनने के बाद
लाभार्थियों के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से धनराशि भेजी जाएगी। पतारा
गांव में बन रहे 132 केवीए विद्युत सब स्टेशन के बारे में अधिशासी अभियंता
ने कहा कि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए अभी कोई कार्रवाई नहीं
हो पा रही है।
किसान शिवप्रसाद ने यूरिया खाद न मिलने का मुद्दा
उठाया। किसान नेता बलराम दादी ने मांग की कि सर्दी में किसान दिवस की बैठक
का समय सुबह 10 की बजाय 11 बजे किया जाए। मेरापुर व रमेड़ी कैनाल को ऊंचा
करने के लिए सहायक अभियंता लघु डाल नहर ने कहा कि प्रस्ताव शासन को भेजा
गया है।
किसान धर्मपाल ने कहा कि सरीला क्षेत्र मे रामगंगा कमांड
द्वारा कराए गए मेड़बंदी के कार्य की शिकायत तहसील दिवस में की गई थी। इस
पर उपकृषि निदेशक ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। कुरारा कृषि विज्ञान
केंद्र प्रभारी द्वारा बैठक में प्रतिभाग न करने पर सीडीओ ने कहा कि कड़ी
चेतावनी के साथ पत्र लिखा जाएगा।