जरिया थानाक्षेत्र के पवई गांव में 16 वर्षीय किशोरी ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। आत्महत्या का कारण मानसिक तनाव बताया जा रहा है। वहीं, घटना से आहत युवती के पिता की हालत भी बिगड़ गई, उसे राठ सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने किशोरी का शव पोस्टमार्टम के लिए
भेजा है। पवई गांव निवासी लल्लू अहिरवार पत्नी व दो बेटों बृजेश (18) व मंजेश (13) के साथ दिल्ली में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। उसकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी रश्मि (16) अपनी दादी के साथ गांव में रहती थी। मंगलवार को लल्लू पत्नी के साथ गांव आया था। बुधवार की सुबह रश्मि
घर में खाना बना रही थी। परिवार के लोग बाहर बैठे थे। तभी अंदर से तेज धुआं उठने और चीख पुकार सुनकर अंदर गए तो देखा कि रश्मि जल रही थी। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत देखकर लल्लू अचेत होकर वहीं गिर गया। परिजन उसे राठ सीएचसी ले गए।
जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष जरिया शिवमूरत सिंह यादव ने बताया कि किशोरी की मौत का कारण मानसिक तनाव बताया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।