राठ के पोस्टमार्टम हाउस में जानकारी देते उसके परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर रोड पर साईं मंदिर के पास खेतों में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की है।
हमीरपुर रोड पर रविवार सुबह खेतों में युवक का शव पड़ा देख चरवाहों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई।
उसकी शिनाख्त जलालपुर थाने के पुरैनी गांव निवासी बब्बू पाल (37) के रूप में हुई है। उसके भाई ज्ञानसिंह ने बताया बब्बू मुगलपुरा मोहल्ला निवासी देवेंद्र यादव के यहां चरवाहे का काम करता था। 15 अप्रैल को उसने अपनी दो बीघा जमीन तीन लाख पांच हजार रुपये में व मकान 80 हजार रुपये में बेचा था।
आशंका जताई कि रुपये के लालच में उसकी हत्या हुई है। चार भाइयों में बब्बू तीसरे नंबर का था। उसकी शादी नहीं हुई थी। सभी भाई मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं। कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया कि जानकारी करने पर बता चला कि बब्बू 6 मई को शराब के नशे में अपना सामान लेकर देवेंद्र के घर से चला गया था। शव क्षतविक्षत है। अभी तक परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।
17 मई को है भतीजी की शादी
देवेंद्र यादव ने बताया कि 17 मई को बब्बू की भतीजी सावित्री पुत्री ज्ञानसिंह की शादी है। 6 मई को वह मोहल्ले में शादी के कार्ड बांटने के बाद चला गया था। यह भी बताया कि एक सप्ताह पूर्व शराब के नशे में उसका किसी प्रापर्टी डीलर से विवाद हुआ था। जिसमें दोनों ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी।
एक सप्ताह नहीं दिखा शव
बब्बू का शव करीब 5 दिन पुराना बताया जाता है। जिसे जंगली जानवरों ने बुरी तरह नोच कर क्षतविक्षत कर दिया है। नगर से सटे इलाके में एक सप्ताह से पडे़ शव पर किसी की भी नजर नहीं पड़ी। इंस्पेक्टर ने बताया शव के पास ही उसका बैग भी मिला जिसमें कपडे़ आदि सामान मिले हैं।