छोटी जुलेहटी में शराब ठेके में गोली चलने से लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कस्बे में एक शराब ठेके में कैंटीन संचालक की दिनदहाडे़ गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस ने कैंटीन संचालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
छोटी जुलहेटी में पावर हाउस के पास देशी शराब ठेका है। ठेका परिसर में हमीद पुत्र जान मोहम्मद निवासी छोटी जुलेहटी की कैंटीन है। कैंटीन में हमीद का साला इरफान (25) पुत्र निजामउद्दीन निवासी कुरौ थाना मूसानगर, जिला कानपुर देहात बैठता था। हमीद के अनुसार शनिवार दोपहर तीन बजे मझगवां थानाक्षेत्र के बकरई गांव निवासी इरफान का दोस्त देवेंद्र राजपूत पुत्र अमृतलाल दुकान आया था। यहां उसका रुपयों के लेनदेन को लेकर इरफान से विवाद हुआ।
इसके बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब लोग पहुंचे तो इरफान जमीन पर पड़ा था, उसके सीने में गोली लगी थी। सूचना पर ठेके में मौजूद लोग भाग खडे़ हुए। खबर पाकर इरफान को सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी देवेंद्र को पकड़ लिया है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया हमीद ने देवेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। उसी आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस बारे में कोतवाल पीके पांडेय ने बताया कि देवेंद्र और इरफान के बीच पैसों को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। जांच की जा रही है।