मुस्करा में घर के अंदर खुली अलमारी दिखाता पीड़ित सराफ।
- फोटो : अमर उजाला
मुस्करा (हमीरपुर)। दिनदहाड़े सराफा व्यवसायी के घर में घुसकर तीन सशस्त्र बदमाशाें ने गृहस्वामिनी व उसके बच्चाें के सीने में तमंचा लगाकर जमकर लूटपाट की। इस लूटपाट में बदमाश करीब तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात व 15 हजार रुपये की नगदी लूटकर चंपत हो गए। लुटेराें को थाना पुलिस की दो टीमों ने चार घंटे तक पीछा किया लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिली और बदमाश पुलिस को चकमा देकर रफूचक्कर होने में कामयाब हो गए।
सराफा व्यवसायी सुरेंद्र कुमार शुक्ला उर्फ बच्चा महाराज अपने परिवार के साथ राठ-हमीरपुर मार्ग पर लीलावती पेट्रोल पंप के पहले अपने निजी मकान रह रहा है। शनिवार को सुबह दस बजे वह बाजार स्थित अपनी सराफा की दुकान में चला आया। घर में पत्नी राममूर्ति, बालक सत्यम (6) व बच्ची छैरया (3) के साथ अकेली घर का काम निपटा रही थी। तभी दोपहर करीब 12 बजे सुनसान देख मौका पाकर तीन बदमाश बाइक से सराफा व्यवसायी के घर के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर घुस गए। गृहस्वामिनी व उसके बच्चों के सीने में तमंचा लगाकर जमकर लूटपाट की। लूटपाट करने के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए बाइक से बस्ती की तरफ अंदर होकर बिलगांव-जलालपुर मार्ग पर भाग निकले।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने बदमाशाें का चार घंटे तक पीछा किया लेकिन बदमाश जलालपुर क्षेत्र के जंगल में बाइक घुसेड़कर लापता हो गए। थाना पुलिस हाथ मलते हुए बैरंग वापस लौट आई। पीड़ित सुरेंद्र कुमार ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बदमाश उसकी पत्नी के गले में पड़ी सोने की जंजीर, दो मंगलसूत्र, कान की झुमके, अंगूठी, पायल, बिछुवा व 15 हजार रुपये नगद लूटकर ले गए। उसने बताया कि लगभग दस तोला सोने व 250 ग्राम चांदी के जेवरात हैं। थाना प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामला दर्ज कर बदमाशों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।