कुरारा। थानाक्षेत्र के डामर गांव निवासी बाइक सवार युवक को मुख्यालय से गांव आते समय पतारा श्रमदान के पास पांच बदमाशों ने पकड़ लिया। तमंचे के बल पर पतारा गांव ले जाकर नगदी सहित सोने की चेन व मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर मारापीटा। किसी तरह उनके चंगुल से छूटे पीड़ित ने थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट करने की तहरीर दी है।
डामर गांव निवासी अरुण सिंह पुत्र करन सिंह ने दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात नौ बजे बाइक से मुख्यालय से गांव वापस जा रहा था। मोबाइल पर फोन आने पर वह पतारा मोड़ के पास बाइक खड़ी कर बात करने लगा। तभी सड़क किनारे छिपे पांच अज्ञात बदमाश दो बाइकों से आए। उसकी बाइक की चाभी निकाल ली तथा एक युवक ने तमंचा दिखाकर भयभीत करने के बाद चाभी लेकर बाइक स्टार्ट कर उसे बीच में बैठाकर पतारा गांव ले गए। गांव के बाहर खदान को जाने वाले रास्ते में ले जाकर उसके साथ लूटपाट करने लगे।
विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। लुटेरों ने उसका मोबाइल व सोने की चेन तथा 14 हजार रुपये लूट लिए। किसी तरह उनसे छूटकर गांव के अंदर घुस गया और एक ग्रामीण से मोबाइल लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उसने घटना की तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने अभी मामला दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष एसके सिंह ने बताया कि मामले की गांव जाकर जांच की जा रही है। पीड़ित ने बताया कि उसके भागते समय बदमाशों ने फायर भी किया था। पीड़ित दहशत में है तथा पुलिस मामले को टरका रही है।