मराठीपुरा मोहल्ले में मंगलवार को दर्शन साहू की मौत फांसी पर लटकने से हुई थी। शरीर पर किसी तरह की अन्य चोटें न पाए जाने से पुलिस यह मानकर चल रही है कि उसने आत्महत्या की है। माना जा रहा है कि उसने गृह कलह से ऊबकर फांसी लगाकर जान दे दी।
बताया जाता है कि दर्शन साहू (45) पुत्र केजी साहू का पत्नी कस्तूरी से आएदिन झगड़ा होता था। कोतवाली में कभी पत्नी तो कभी पति शिकायतें करते रहे। एक बार तो पत्नी और पुत्र पर बिजली के खंभे से बांधकर पीटने की चर्चा पड़ोसियों में रही। दर्शन साइकिल में पेटी बांध बर्फ और आइसक्रीम बेचकर परिवार को दो जून की रोटी का प्रबंध करता था। परिवार के लोगों ने बर्फ बेचने वाला डिब्बा भी छीन लिया था।
पत्नी आरोप लगाती था कि वह नशा करके उसका व बच्चों का उत्पीड़न करता है। पुलिस का मानना है कि कलह से त्रस्त होकर दर्शन अपने आप को संभाल नहीं सका। उसने मंगलवार की सुबह मकान की दूसरी मंजिल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मृतक के भाई शिवरतन ने भाभी और भतीजे पर भाई की हत्या का आरोप लगाया था। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह साफ हो गया कि उसे उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। उसके शरीर में अन्य किसी तरह की चोटें नहीं पाई गईं हैं। इसके पूर्व मृतक के भाई ने कोई तहरीर नहीं दी।