जिला मुख्यालय से लगते भोटा कस्बे के एक व्यक्ति के बैंक खाते से शातिरों ने 50 हजार रुपये उड़ा लिए। व्यक्ति को ठगी का पता तब चला जब उसके खाता से 50 हजार रुपये नकदी निकासी का एसएमएस उसके मोबाइल पर आया।
हालांकि पीड़ित के बेटा सुजानपुर में रहता है। इसके चलते उसके बेटे ने पुलिस थाना सुजानपुर में शिकायत की है। प्यारे लाल पुत्र स्व. मिल्खी राम निवासी भोटा ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद 2:12 बजे उसके नंबर पर एक कॉल आई। कॉलर ने बैंक अधिकारी बन सिक्योरिटी चेक के आधार पर उसके एटीएम कार्ड का नंबर पूछा। उसने कॉलर को एटीएम कार्ड नंबर दे दिया।
कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर 50 हजार रुपये नकदी निकासी का एसएमएस आया। इस पर उसे आभास हुआ कि शातिरों ने उसके मोबाइल पर कॉल कर उसे ठगी का शिकार बनाया है। इसकी सूचना उसने अपने बेटे को दी जो सुजानपुर में रहता है।
पीड़ित के बेटे ने इसकी शिकायत पुलिस थाना सुजानपुर में की है। संबंधित बैंक शाखा में संपर्क करने पर पता चला कि शातिरों ने 50 हजार रुपये से ऑनलाइन शॉपिंग की है। थाना प्रभारी सुजानपुर सुरेंद्र कुमार का कहना है कि एक युवक एटीएम से नकदी की ठगी की शिकायत लेकर आया था, लेकिन उसे संबंधित थाना में शिकायत दर्ज करवाने को कहा है।