गुरदहा में घटना की जांच करते एसडीएम
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के गुरदहा गांव में रविवार सुबह एक नलकूप की कोठी का निर्माण कराते समय लोहे की सरिया हाईटेंशन लाइन के तार से छू गई। जिससे किसान और बांदा जनपद निवासी राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरदहा गांव निवासी रामबालक यादव (35) पुत्र जग्गा तीन भाई हैं और सभी अलग-अलग रहते हैं। रामबालक की शादी के कई वर्ष हो गए और उसकी कोई औलाद नहीं है। उसने गांव के बाहर निजी नलकूप लगवाया था और इसी नलकूप की कोठी बनवा रहा था।
रविवार सुबह रामबालक राजमिस्त्री गोपाली प्रजापति (32) पुत्र दुर्गा निवासी मटौंध (बांदा) के साथ निर्माण स्थल पर मकान में नींव डालने के लिए सरिया सीधी कर रहा था। जैसे ही रामबालक ने एक सरिया उठाई कि यह ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे छड़ में तेज करंट उतरा और पास में खड़ा गोपाली भी इसकी चपेट में आ गया। दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी अनिल सिंह व एसएसआई आरएस गौतम ने जानकारी ली और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।