राठ। मझगवां थाने के उजनेह गांव के तालाब से जेसीबी से मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पाकर छापा मारने पहुंचे नायब तहसीलदार को ग्रामीणों ने रोक लिया। मौका पाकर खनन करने वाले जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए।
एसडीएम सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उजनेह गांव में कुछ लोग व्यवसायिक रूप से तालाब में जेसीबी लगाकर मिटटी खनन कर रहे हैं। जिस पर उन्होंने नायब तहरीलदार छेदालाल को मौके पर कार्रवाई के लिए भेजा। नायब तहसीलदार ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन पर कार्रवाई करने के लिए जैसे ही वह गांव पहुंचे तभी माफियाओं के कहने पर कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और खनन होने वाले तालाब के पास नहीं जाने दिया। इसी बीच मौका पाकर खनन माफिया जेसीबी मशीन व ट्रैक्टर लेकर भाग खडे़ हुए। इस संबंध में एसडीएम का कहना है कि जांच कर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।