चिकासी थाने के टोला खंगारन गांव में बीती रात चोर एक घर में घुस लाखों के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गये। सुबह जब परिजनों ने घर में बिखरा सामान देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
सोमवार की रात पप्पू यादव पुत्र मन्नू लाल यादव अपने परिजनों के साथ घर में सोया था। पप्पू की दो बहनें सावित्री और रामरती छत पर और मां आंगन में सो रही थी। पप्पू ने बताया कि रात करीब एक बजे चोर चैनल का ताला तोड़ अंदर घुसे और छत पर बने कमरे का ताला तोड़ बक्सा उठाकर ले गए।
बताया कि चोरों ने छत की दीवार को खोद एक मिट्टी के बर्तन के अंदर रखे सोने चांदी के जेवर भी निकाल लिए। सुबह जब परिजनों ने घर में सामान बिखरा देखा तो सनसनी मच गई। कमरे में रखे बक्से भी गायब थे। चोर बक्सों को उठाकर जंगल में ले गए जहां पर वह खाली पड़े मिले हैं।
पप्पू ने बताया कि चोर बक्से में रखी चांदी की पायलें, तीन जोड़ी सोने की चूड़ी, दो हार, एक मंगलसूत्र, बैंदी, तीन सोने की जंजीर, दो तोले की झुमकी सहित 30 किलो घी से भरा बर्तन और एक लाख रुपये चोरी कर ले गए। बताया कि इतना ही सामान उनकी बहनों रामरती और सावित्री का रखा था जो इस समय घर पर हैं। बताया कि करीब पांच लाख रुपये की चोरी हुई है। पप्पू ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की अभी तक रिपोर्ट नहीं लिखी है।
उधर, मुस्करा थानाक्षेत्र के अलरा गांव में बीती रात एक घर की मुख्य द्वार की दीवार फांदकर घुसे चोर चैनल का ताला काट डेढ़ लाख रुपये नगद और जेवरात चोरी कर ले गए। मोहल्ले के लोगों के शोर मचाने पर छत में सो रहे परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मुस्करा थानाक्षेत्र के अलरा गांव निवासी बृजेंद्र कुमार तिवारी गर्मी के कारण बीती रात अपने परिवार के साथ छत में सो रहे थे। तभी आधी रात को चोर मुख्य द्वार की दीवार फांदकर चैनल का ताला तोड़कर घर में घुस गए और बक्सा व सूटकेस को उठा ले गए।
बृजेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि उन्होंने नलकूप लगवाने के लिए 1.50 लाख रुपये की नगदी घर में रखी थी। नगदी और करीब तीन लाख के सोने चांदी के जेवर सहित अन्य कीमती सामान चोर उठा ले गए। सुबह मोहल्ले वालों ने बताया कि गांव के बाहर बक्सा व सूटकेस टूटा पड़ा है। चोरी की सूचना पुलिस को दी गई है।
मुस्करा थानाध्यक्ष जीएस द्विवेदी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि बुधवार रात गांव निवासी रामपाल राजपूत के घर से लाखों रुपये की चोरी हुई थी। इस घटना में गृहस्वामिनी ने एक चोर को पकड़ लिया था। लेकिन चोर लात मारकर भाग गया था। घटना की सूचना थाना पुलिस को दी गई थी। लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका। एक सप्ताह के अंदर दूसरी चोरी होने से गांव में दहशत का माहौल है।