झलोखर में घटना की जानकारी देता खलासी ।
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के बेरी मार्ग पर शनिवार भोर जल्ला गांव के निकट बदमाशों ने मौरंग लेने जा रहे ट्रक चालकों के साथ मारपीट की और नगदी लूट ली। चालकों ने घटना की तहरीर थाने में दी है। उधर पुलिस लूटपाट की घटना से इंकार कर रही है।
बेरी मार्ग में शनिवार सुबह 4:45 बजे मौरंग भरकर कुरारा की ओर आते ट्रकों को कुल्हाड़ी और तमंचे से लैस 8 बदमाशों ने रोक लिया और लूटपाट शुरू कर दी। झलोखर गांव निवासी ट्रक चालक रामकिशोर और खलासी लल्ली ने बताया कि उसके साथ मोहित यादव भी केबिन में बैठा था। आठों बदमाश मुंह पर कपड़ा बांधे थे। वह कुल्हाड़ी से ट्रक में वार करने लगे। केबिल खोलकर बदमाश दोनों ओर से अंदर घुसे और चालकों को बाहर खींच लिया।
मारपीट कर खेतों की ओर ले गए। बताया कि मौरंग के लिए उसकी जेब में रखे 19 हजार रुपये लूट लिए। खलासी की जेब में पड़े 570 रुपये छीन लिए। चालक ने बताया कि अन्य दो ट्रक चालकों के साथ भी बदमाशों ने लूटपाट की। मौरंग भरे ट्रकों से नौ हजार रुपये बदमाशों ने छीने हैं। पीड़ित चालक ने बताया कि उसने थाने में लूटपाट की तहरीर दी है। इस मामले में थानाध्यक्ष सुभाष यादव का कहना है कि ट्रक चालक जुआरी हैं। उन्होंने लूटपाट की घटना से इंकार किया है।