पोस्टमार्टम हाउस में गुमसुम बैठे मृतक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
थाना कुरारा के बेरी गांव निवासी एक किसान की संदिग्ध अवस्था में जानवरों के बाडे़ में मौत हो गई। उसके नाक और मुंह से खून निकला था। परिजनों ने खेती किसानी न होने से परेशान होने के अलावा गांव स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक से 50 हजार रुपये का केसीसी बनवाने की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थानाक्षेत्र के बेरी गांव निवासी राजा सिंह (44) पुत्र रघुराज सिंह गौर के पास साढ़े सात बीघा जमीन है और वह 10 साल पहले तक फौज में नौकरी भी करता था। इन दिनों वह गांव में रहकर खेती किसानी करता था। छोटे भाई प्रमोद ने बताया कि वह पांच भाई हैं और सभी अलग-अलग रहते हैं।
गांव में वह व उसका बड़ा राजा सिंह ही रहते थे। जबकि परिवार के अन्य लोग बाहर रहकर नौकरी कर रहे है। बताया कि नौ जून की रात राजा सिंह करीब नौ बजे खाना लेकर मवेशियों वाले बाड़े में सोने चला गया। अगले दिन दोपहर तक जब वह नहीं आया तो शाम को ढूंढने दूसरे घर में स्थित पशुबाड़े में गया तो अंदर से कुंडी लगी थी।
अनहोनी की आशंका रक पीछे से कूदकर अंदर गया तो देखा उसके बड़े भाई मृत पड़े थे। उनके मुंह व नाक से खून निकला था। घटना की सूचना पुलिस को दी। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छोटे भाई ने बताया कि खेती किसानी के कार्य में लाभ न मिलने के कारण वह परेशान रहते थे। साथ ही उन्होंने इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक बेरी से 50 हजार रुपये का केसीसी भी बनवाया था। घटना के बाद से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।