राठ अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हरीशंकर रावत ने
अपने प्रतिद्वंद्वी अशोक कुमार गुप्ता को 32 वोटों और महामंत्री पद के
प्रत्याशी वीर प्रताप सिंह ने अपने प्रतिद्वंद्वी राजेश कुमार सविता को 4
वोटों से हराया।
अधिवक्ता संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए दो दावेदारों हरीशंकर रावत और अशोक कुमार गुप्ता तथा महामंत्री पद के लिए वीर प्रताप सिंह और राजेश कुमार सविता पर्चा भरा था। शनिवार को संपन्न हुए मतदान में 177 अधिवक्ता मतदाताओं में 170 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
चुनाव अधिकारी अरविंद कुमार लोधी एडवोकेट, सहायक चुनाव अधिकारी जय सिंह राजपूत व लतीफ उल्ला ने संयुक्त रूप से बताया कि सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। शाम चार बजे तक 170 मतदाताओं ने वोट डाले। हरीशंकर रावत को 100 तथा अशोक को 68 वोट मिले। एक वोट नोटा मिला तथा एक वोट लिफाफा से प्राप्त हुआ।
जिसकी गिनती नहीं हुई। इसी तरह वीर प्रताप को 86 तथा राजेश कुमार को 82 मत प्राप्त हुए। इसमें एक वोट नोटा तथा एक लिफाफा से प्राप्त हुआ। चुनाव अधिकारी ने बताया कोषाध्यक्ष पद पर सत्यम सोनी निर्विरोध चुने गए।
इसी तरह से वरिष्ठ उपाध्यक्ष फजल अहमद, उपाध्यक्ष प्रथम अबरार अहमद, उपाध्यक्ष द्वितीय सुधीर कुमार शुक्ला, उपाध्यक्ष तृतीय दिलीप कुमार, सहमंत्री प्रथम धर्मेंद्र राजपूत, सहमंत्री द्वितीय धर्मेंद्र मिश्रा, सहमंत्री तृतीय केशव कुमार सक्सेना और कनिष्ठ सदस्य रवींद्र सिंह राजपूत निर्विरोध रूप से चुने गए। मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों को अधिवक्ताओं ने माला पहना कर बधाई दी।