थाने में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने औचक निरीक्षण किया। समाधान दिवस के प्रभारी अधिकारी एडीएम के न मौजूद होने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही उपस्थित रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद चार लेखपालों को नदारद देख अनुपस्थिति दर्ज कराकर कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए।
प्रदेश सरकार ने लोगों की हर समस्या के समाधान को तहसील दिवस व थाना दिवस आयोजित करा रखे है। माह के पहले व तीसरे शनिवार को थानों में समाधान दिवस होता है। कसबे के थाने में पहुंचकर जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने करीब डेढ़ बजे औचक निरीक्षण किया। समाधान दिवस के प्रभारी अधिकारी एडीएम के न मौजूद होने पर नाराजगी जताई।
साथ ही हस्ताक्षर करने के बाद चकबंदी लेखपाल बाबू, संतराम व राजस्व लेखपाल दिनेश बाजपेई व सुरेश के न मिलने पर उन्हें अनुपस्थित माना और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के बाद पहुंचे एडीए डा.राजेश कुमार प्रजापति व अपर पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रकाश वर्मा को हर हाल में समाधान दिवस में मौजूद रहने के निर्देश दिए।
इस मौके पर आईं पांच शिकायतों में एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। धुंधपुर के प्रधान ने आम रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की। वहीं बांक के किसानों ने राहत चेक दिलाने की मांग की। चंदपुरवा गांव के एक व्यक्ति ने कब्रिस्तान की भूमि पर कचड़ा व गंदगी फेंकने की भी शिकायत दर्ज कराई।