बेटे की शादी के कार्ड बांटकर पैदल गांव लौट रहे एक अधेड़ को उरई मार्ग पर अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। मौके पर ही अधेड़ की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के छोटे भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जरिया थाने के करौंदी गंाव निवासी जगत सिंह (52) पुत्र बिरंचीलाल लोधी के दो पुत्र हेमेंद्र और निखिल हैं। सात मई को हेमेंद्र की शादी होनी है। शादी को लेकर घर में खुशहाल माहौल था, तैयारियां चल रहीं थी। शुक्रवार शाम जगत सिंह ससुराल मसगवां में शादी का निमंत्रण देने के लिए गया था।
शनिवार की सुबह करीब छह बजे वह वापस गांव पैदल आ रहा था कि राठ-उरई मार्ग पर राठ की ओर आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर कर दी। इससे जगत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। कोतवाली इंचार्ज एसआई नारायन सिंह ने बताया कि जगत सिंह के सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। मृतक के भाई इंद्रपाल ने अज्ञात वाहन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाकर भाई को कुचलने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। जगत सिंह की मौत पर शादी के घर में कोहराम मचा हुआ था। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।