कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की शाम उरई मार्ग पर एक बाइक एजेंसी के पास से अंतर्जनपदीय एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देख चोर का एक साथी भागने में सफल रहा। पकड़े गए चोर की निशानदेही पर पुलिस ने लैपटॉप, प्रिंटर, बैटरी सहित करीब चार लाख कीमत का सामान बरामद किया है।
कोतवाल एसके सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी रामाश्रय यादव ने उरई मार्ग पर एक बाइक एजेंसी के पास कोमल लोधी पुत्र वीरेंद्र निवासी चंदौली थाना खरेला को गिरफ्तार कर लिया।
कोमल के साथ उसका साथी रामकुमार ग्राम बसवारी थाना मुस्करा भागने में सफल रहा। पुलिस ने आरोपी चोर के पास से एक लैपटॉप और चार्जर बरामद किया। चोर की निशानदेही पर पुलिस ने कांशीराम कालोनी से चार लैपटॉप, दो प्रिंटर, एक लेमीनेशन मशीन, चार कैमरा, एक एलईडी, दो बैटरी सोलर पैनल, एक अदद थंब इंप्रेशन आधार कार्ड मशीन बरामद की। कोतवाल ने बताया कि आरोपी चोर कोमल अपने साथी हंसराज पुत्र रामचरन निवासी अलकछवा, सुनील कुमार पुत्र बिहारी लाल सरसुंडी थाना जलालपुर, मुकेश पुत्र रामऔतार लोधी निवासी बिहूनी थाना मुस्करा, शांत पाल पुत्र रामकृपाल कुशवाहा धनौरी के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
कांशीराम कालोनी से बेचते थे चोरी का सामान
कोतवाल एसके सिंह ने बताया कि कोमल सिंह हमीरपुर, महोबा, उरई आदि जनपदों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। कांशीराम कालोनी में सामान को रखा जाता था, वहीं से फिर आगे बेचा जाता था। अधिवक्ता संघ के कार्यालय में हुई चोरी की घटना को इन्हीं चोरों ने अंजाम दिया था। अधिवक्ता संघ कार्यालय से कंप्यूटर यूपीएस, माइक एंपिलीफायर व दो स्पीकर आरोपी चोर रामकुमार ले गया है। जो अभी फरार है। एक पखवारे पहले कोतवाली के बगल से स्थित मां विंधवासिनी कंप्यूटर की दुकान से आरोपी चोरों ने एक प्रिंटर और लेमीनेशन मशीन चुराई थी। इसके अलावा अन्य सामान चोरों ने विभिन्न जनपदों से चोरी किए।
कोमल पर विभिन्न थानों में दर्ज हैं 16 मुकदमे
आरोपी चोर कोमल सिंह का लंबा आपराधिक इतिहास है। उस पर राठ, मुस्करा, महोबा, खरेला, जरिया, बिवांर और पनवाड़ी थानों में विभिन्न अपराधों के 16 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के ऊपर तमंचा, एनडीपीएस, अवैश शराब, घर में घुसकर लूटपाट, गैंगस्टर जैसे मुकदमे हैं।