यमुना बेतवा पिचिंग बनवाओ कार्यक्रम के अंतर्गत मेरापुर स्थित अंबेडकर पार्क से साइकिल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस भोला नाना के डेरा में समाप्त हुआ और कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं हुईं।
मुख्यालय से सटे मेरापुर ग्राम पंचायत के लोग बार-बार की बाढ़ से परेशान रहते है। प्रतिवर्ष बाढ़ की आशंका बनी रहती है। बाढ़ में मकान व अन्य गृहस्थी के समान की क्षति होती है। वहीं बाढ़ के चलते कटान से उनके मकान जल धाराओं में जमींदोज हो रहे है।
यमुना बेतवा पिचिंग बनवाओ समिति द्वारा बेतवा व यमुना नदी में पिचिंग बनवाने की लंबे समय से मांग चली आ रही है। रविवार को सुभाष मेरापुरी के नेतृत्व में एक साइकिल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस मेरापुर से प्रारंभ होकर भिलावां, लक्ष्मीबाई, डिग्गी, केसरिया का डेरा होता हुआ भोला नाना का डेरा में समाप्त हुआ।
जुलूस में लोग स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। साथ में सांसद विधायक ध्यान दो, पिचिंग का निर्माण करो। वोट लेने का यह नहीं मतलब, बाढ़ से पीड़ित रहे हम सब। मेरापुर, भिलावंा, डिग्गी व भोलानाना का डेरा में नुक्कड़ सभाएं भी की गई। इस मौके पर चंद्रभूषण, रामबालक, मोहन, संतोष, शिवराम वर्मा, अमित वर्मा, रवींद्र सचान, अरूण शुक्ला, राजेश निषाद, चरनसिंह सहित करीब आधा सैकड़ा लोग मौजूद रहे।