जामऊ डेरा में बिवांर-सरीला मार्ग में जाम स्थल भीड़ और पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सरीला (हमीरपुर) । जलालपुर थानाक्षेत्र के राजामऊ गांव में बुधवार शाम कार से कुचलकर छह वर्षीया बच्ची की दुखद मौत के बाद गुरुवार को जब उसका पोस्टमार्टम हुआ तो ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इनका कहना था कि पुलिस को दुर्घटना करने वाली कार का नंबर दिया जा चुका है इसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा रही है। नाराज ग्रामीणों ने बालिका का शव बिवांर-सरीला मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ और एसडीएम ने लगभग तीन घंटे के बाद जाम खुलवाया।
सीओ ने बताया कि ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही कार को बरामद कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। राजामऊ गांव में बुधवार की शाम सुरेश की छह वर्षीयी भांजी सपना सड़क किनारे मोहल्ले के बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी बिवांर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार आल्टो ने उसे कुचल दिया था। पुलिस को सूचना देने के बाद परिजन बच्ची को सीएचसी राठ भी ले गए थे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेश ने बताया कि उसकी बहन व बहनोई करोड़ा निवासी ग्राम अलमुरी परासन जालौन में रहते हैं। सपना बचपन से उसके यहां रहती थी। पुलिस ने गुरुवार को बच्ची का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को कार सहित गिरफ्तारी को लेकर बिवांर सरीला मार्ग पर जमा लगा दिया। आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कार का नंबर भी पुलिस को दिया है। लेकिन पुलिस लापरवाही कर रही है। करीब चार बजे से तीन घंटे तक लगे जाम से दोनों ओर दर्जनों वाहन फंसे रहे। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए जलालपुर, जरिया व बिवांर थाने का पुलिस फोर्स बुला लिया गया। क्षेत्राधिकारी एस वैभव पांडेय व एसडीएम रामसुरेश वर्मा मौके पर पहुंच गएं। थानाध्यक्ष जलालपुर स्वामीनाथ का कहना है कि ग्रामीणों ने जो कार का नंबर दिया है वह विभाग से वेरीफिकेशन के बाद ट्रैक्टर का निकला है। फिलहाल घटना में अब तक तहरीर न आने पर कोई मामला नहीं दर्ज किया गया है।