गोदभराई रस्म के बाद एक बाइक पर सवार हो वापस घर जा रहे चार लोगों को एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। मरने वालों दो सगे भाई, बहन व एक मृतक की मासूम पांच वर्षीय पुत्री शामिल है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया। मुआवजे की मांग करते हुए उन्होंने शवों को उठने नहीं दिया। सूचना पर पुलिस अधीक्षक सहित भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। रात करीब आठ बजे भाजपा जिलाध्यक्ष और महामंत्री ने घटना स्थल पर पहुंच ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया।
कानपुर देहात के देवराहट थानाक्षेत्र के कलुवाताला गांव निवासी हरीबाबू निषाद (35) सोमवार को नाते-रिश्तेदारों के साथ बाइक व अन्य वाहनों से गोदभराई की रस्म के लिए उमराहट गांव आए थे। कार्यक्रम के बाद हरीबाबू शाम करीब पांच बजे अपने भाई भगवानदीन (25) पुत्र कालका निषाद, संध्या (16) पुत्री कालका व दीक्षा (5) पुत्री हरीबाबू के साथ एक ही बाइक से बिना हेलमेट अपने गांव लौट रहे थे। हरौलीपुर गांव के पास मूसानगर की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक यूपी 78 एटी 7119 के चालक ने सामने से बाइक में टक्कर मार सभी को रौंद दिया। जिससे चारों लोगों की मौके पर मौत हो गई। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया।
घटना के बाद मनकी, उमराहट, मिश्रीपुर समेत कई गांवों के ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष संतविलास शिवहरे और हमीरपुर नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप निषाद, आशीष पालीवाल ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम खुलवा दिया। इस पर करीब तीन घंटे बाद पुलिस शवों को अपने कब्जे में ले सकी। पुलिस अधीक्षक एके त्रिपाठी ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेने के साथ भागे चालक को पकड़ लिया है। इस घटना का मुकदमा दर्ज कर शवों का पंचनामा भराया जा रहा है।