अमर उजाला ब्यूरो
कुरारा (हमीरपुर)।
कस्बे के वार्ड नंबर नौ में चोरों ने शुक्रवार की रात तीन घरों को निशाना बनाया। चोर एक -एक कर चार परिवारों के करीब चार लाख के जेवरात व नगदी पार कर ले गए। गृहस्वामियों को घटना की जानकारी सुबह हो सकी। उन्होंने थाने में चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
कस्बे में व्यापारी वर्ग बड़ी संख्या में रहते हैं। शुक्रवार की रात रिठारी मार्ग पर वार्ड नंबर नौ में एक मकान पर किराये पर रहने वाले देवेंद्र गांधी व मनीष सिंह के घर में पीछे से चोर चढ़ गए। जीने से उतरकर पहले देवेंद्र गांधी के कमरे में घुसे। जहां से उसकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र, पायल, 3100 रुपये नगद सहित अन्य सामान पार कर ले गए। इसके बाद नीचे रहने वाले मनीष के कमरे में घुसे और वहां से सोने की जंजीर, दो अंगूठी, 20 हजार नगदी सहित अन्य सामान लेकर मेन दरवाजे की कुंडी काटकर भाग निकले।
वहीं, पड़ोस में रहने वाले गिरिजा शंकर पुत्र भुल्ली विश्वकर्मा के घर में पीछे से चढ़कर कमरे में पहुंचे और वहां रखे सोने चांदी के जेवरात सहित अन्य कीमती सामान लेकर मेन दरवाजे की कुंडी खोलकर चंपत हो गए। वहीं कृषि विभाग में तैनात बृजेंद्र के मकान में चोरों ने धावा बोला। यहां से बैग में रखे दो हजार रुपये लेकर भाग निकले। पीड़ित देवेंद्र गांधी ने बताया कि रात में करीब 11 बजे खाना खाकर सो गए थे। सुबह जगने पर घटना की जानकारी हो सकी। सभी पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने में दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, वार्ड के लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त न लगने से चोरो के हौसले बुलंद हैं। थानाध्यक्ष संगम लाल मिश्रा ने इस मामले में कहा कि जांच की जा रही है।
-मकानों के पीछे से चढ़ कर लाखों के गहने और 53 हजार नगदी पार की