अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
उपमंडल बड़सर में दो दिन में दो लोग ठगी के शिकार हुए हैं। उपमंडल के घाटा पंगा निवासी ध्यान चंद ने पुलिस थाना बड़सर में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को बताया कि उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उससे लंबे समय तक बातचीत की। फोन करने वाले शख्स ने बताया कि वह बैंक से बोल रहे हैं और उनका खाता आधार कार्ड से लिंक करना है। पीड़ित व्यक्ति ने बैंक अधिकारी समझ फोन करने वाले शख्स को अपना बैंक खाता नंबर बता दिया। अगले ही दिन उसके खाते से 91,300 रुपये की निकासी हो चुकी थी। ध्यान चंद पुत्र संत राम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भादसं की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है। इससे पहले बड़सर थाना में ही पुलिस ने बुधवार को भी ठगी का एक मामला दर्ज किया है। बड़सर निवासी हंसराज शर्मा पुत्र नत्थू राम शर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि मोबाइल पर फोन आने के बाद उसके खाते से अज्ञात ने धोखे से सवा लाख निकाले गए। हमीरपुर में बीते डेढ़ माह में बैंक खाते से रुपये उड़ाने की चार से अधिक मामले दर्ज हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार ने मामले की पुष्टि कर कहा कि बुधवार को बड़सर में सवा लाख और वीरवार को 91300 की ठगी के दो मामले दर्ज हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि फोन पर किसी भी अंजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते और एटीएम के बारे में जानकारी न दें।