उरई। शहर के करमेर रोड स्थित एक पब्लिक स्कूल की इमारत के ऊपरी हिस्से में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारा। मौके से पुलिस को भारी मात्रा में अवैध देसी शराब और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को पकड़ा है। कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी ने बताया कि बरामद सामग्री में 30 पेटी शराब, थिनर और ब्रांडेड शराब की बोतलें, ढक्कन के अलावा पैकिंग की मशीन भी शामिल है।
गुरुवार की दोपहर पुलिस को मुखबिर से अवैध शराब की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने शहर के करमेर रोड स्थित पब्लिक स्कूल पर छापेमारी की। छापे की भनक लगते ही आरोपी पहले ही भाग निकले। सिर्फ एक आरोपी ही पुलिस ही हत्थे चढ़ा।
पुलिस ने विद्यालय परिसर में रखी बनी हुई शराब और शराब बनाने की सामग्री जब्त कर ली। पुलिस ने मौके से 30 पेटी शराब, 100 लीटर थिनर और ब्रांडेड शराब की बोतलों के ढक्कन समेत काफी सामग्री बरामद की। वहीं कोतवाल देवेंद्र द्विवेदी का कहना है कि शराब की सामग्री काफी पकड़ी गई है।
मौके से विक्रम पुत्र राम सिया निवासी राजेंद्र नगर उरई को पकड़ा गया है। फिलहाल स्कूल संचालक की भूमिका के बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता है। इसलिए लिखापढ़ी में अभी उन्हें शामिल नहीं किया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि कब्जे के विवाद में स्कूल करीब दो साल से बंद है। प्रबंधन से जु़ड़े लोगों का कहना है कि स्कूल दूसरी जगह संचालित किया जा रहा है। पुलिस को भी फिलहाल स्कूल की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
बताते हैं कि जिस कमरे में अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई, उसका रास्ता स्कूल के ऊपरी हिस्से में बनी पुरानी सी कक्षा की दीवार तोड़कर बनाया गया था। इससे भी स्कूल प्रबंधन संदेह के घेरे में आ रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब बनाने का गोरखधंधा रात के वक्त ही होता था, क्योंकि दिन के समय फैक्ट्री चलाना संभव नहीं था। सुबह होने से पहले ही तैयार माल को पीछे के गेट से बाहर भी कर दिया जाता था।
-अवैध देशी शराब समेत एक आरोपी धरा गया
-बोतल, ढक्कन और पैकिंग मशीन भी बरामद
अमर उजाला ब्यूरो