मुस्करा कस्बा स्थित एसबीआई से रुपये निकाल एक टीचर ने बाइक की डिग्गी में रख लिए और बाइक खड़ी कर दुकान में चला गया। तभी किसी टप्पेबाज ने डिग्गी का लॉक तोड़कर 44 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित शिक्षक की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर जांच की।
सरीला विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय, उपरहका में तैनात शिक्षक मानसिंह राजपूत ने मंगलवार को कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार निकाले। जिसमें छह हजार रुपये लोहे की दुकान में देने के लिए अलग कर बाकी 44 हजार रुपये बैग में डालकर बाइक की डिग्गी में डाल लिए।
फिर बाइक लेकर वह लोहे की दुकान पहुंचे और बाइक खड़ी कर दुकान के अंदर चले गए। जब वह लौटकर आए तो देखा कि बाइक की डिग्गी का ताला टूटा पड़ा है और रुपये गायब हैं। पीड़ित शिक्षक ने घटना की सूचना तत्काल थानाध्यक्ष को दी। इस पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जंाच शुरू कर दी। बैंक जाकर शाखा प्रबंधक से भी जानकारी ली और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखकर संदिग्ध की तलाश में जुट गई।