हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत पट्टा में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोपी जेई को न्यायालय ने तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपी को आगामी चार अगस्त को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी पर पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बिजली बोर्ड के जेई ने मंगलवार को भोटा से पट्टा जाते समय बस में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की थी। नाबालिग के साथ उसकी मां भी थी। लड़की से छेड़छाड़ की भनक उसकी मां को लगी तो उसने इसका विरोध किया। इस दौरान बस में हंगामा हो गया। जेई को बस से नीचे उतार दिया गया। इसके बाद मां-बेटी दोनों पट्टा में बस से उतर गई। इसके बाद जेई यहां भी आ पहुंचा और उन्हें धमकियां देने लगा। इसकी शिकायत महिला ने स्थानीय लोगों से की तो जेई वहां से भाग गया। बाद में इसकी शिकायत महिला ने पुलिस थाना में की। पुलिस ने आरोपी जेई को गिरफ्तार किया। आरोपी जेई बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। यहां आरोपी को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में ले लिया है। चार अगस्त को आरोपी दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।