अमर उजाला ब्यूरो
जाहू (हमीरपुर)। जिला सोलन के चंबाघाट में दिनदहाड़े एक ज्यूलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने हमीरपुर जिला के जाहू कस्बे में दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने कई ज्वेलरी शॉप के दुकानदारों से पूछताछ की। दिनभर जाहू कस्बे में चली पुलिस कार्रवाई के चलते ज्वेलरों में हड़कंप मचा हुआ है। 24 जून को घुमारवीं के दंपति ने चंबाघाट में दिनदिहाड़े ढाई लाख के गहने और नकदी की चोरी को अंजाम दिया। पकड़े जाने पर दोनों ने ज्वेलरी जाहू कस्बे में बेचने की बात कबूल की। पुलिस दोनों आरोपियों के साथ जाहू कस्बे में पहुंची। पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ करीब आधा दर्जन ज्वेलरी दुकानों में पहुंची। इस दौरान पुलिस ने ज्वेलरों से कई घंटे तक पूछताछ भी की। पुलिस कार्रवाई के चलते दिनभर कस्बे के ज्वेलरों में हड़कंप मचा रहा। बताते चलें कि दोनों आरोपियों को भोरंज पुलिस चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि संबंधित चोरी की घटना में नकदी पुलिस के हाथ नहीं लग पाई है। पुलिस चौकी जाहू के प्रभारी तेन सिंह का कहना है कि सोलन पुलिस ने गहनों और नकदी की चोरी मामले में कस्बे की कुछेक ज्वेलरी शॉप में दबिश दी है। इस दौरान दुकानदारों से पूछताछ भी की गई है।