पौथिया। गांव निवासी मलखान सिंह सैनी ने डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका खाता ओरियंटल बैंक आफ कामर्स में है। 20 नवंबर को वह बैंक में पैसा निकालने गया था। उसने चेक संख्या 643807 पर हस्ताक्षर करके पैसा निकालने के लिए दिया, लेकिन गार्ड राम नारायण ने कहा कि आपकी चेक खराब है, दूसरी चेक दीजिए।
इस पर उसने दूसरी चेक संख्या 643808 हस्ताक्षर करके दे दी। इस पर बैंक कर्मियों ने 20 हजार रुपये उसे दिए। लेकिन पहली चेक वापस नहीं की। जब उसने अपनी पासबुक प्रिंट करवाई तो उसे जानकारी हुई कि उसी दिन दो चेकों से 20-20 हजार रुपये निकाले गए हैं।
जब उसने इसकी शिकायत बैंक कर्मियों से की तो उसे यह कहकर टरका दिया कि दोनों चेकों का पैसा आपको दे दिया गया है। इस मामले में शाखा प्रबंधक चंद्रशेखर का कहना है कि किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं की गई है। ब्यूरो