हमीरपुर। हत्या के मामले में फरार एक आरोपित की संपत्ति कुर्क करने के लिए शुक्रवार को पुलिस ने गांव में डुग्गी पिटवाई है। आरोपित के खिलाफ 182 के तहत कार्रवाई करने के आदेश कोर्ट ने किए हैं। सिसोलर के थानाध्यक्ष राकेश पांडेय ने बताया कि 12 जून 2003 को छानी गांव निवासी राधे केवट पुत्र झंडूलाल ने अपने पांच साथियों के साथ गांव निवासी परशुराम सिंह (22) पुत्र इंद्रजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में पांच लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए थे। यह मामला अदालत में चल रहा है। इस घटना के सभी आरोपित जमानत पर हैं। वहीं इस मामले में राधे केवट कोर्ट में वारंट जारी होने के बाद भी नहीं पेश हो रहा है। उसके खिलाफ कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई करने के आदेश हुए हैं। इसके चलते उसकी संपत्ति कुर्क कर जब्त करने को डुग्गी पिटवाई है। जल्द संपत्ति कुर्क कर जब्त की जाएगी। ब्यूरो
हत्या के मामले में फरार आरोपित की संपत्ति होगी कुर्क