हमीरपुर। दबंगई को लेकर दो पक्षों में बुधवार रात रुक रुककर करीब दो घंटे तक फायरिंग हुई। हालांकि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है। मगर गोलीबारी की घटना से गांव के लोग अपने अपने घरों में दुबक गए। एक ग्रामीण ने कुरारा इंस्पेक्टर को देर रात गोलीबारी की सूचना दी। जिसमें मौके पर पहुंची यूपी 100 व थाना पुलिस को न तो खोखे हाथ लगे और न ही कोई पकड़ में आया।
बुधवार की रात अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कुरारा थानाक्षेत्र का पतारा गांव बुधवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। गोलियों की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों में दुबक गए।
मौरंग के अवैध खनन को लेकर रात करीब नौ बजे एक ही बिरादरी के दो पक्ष आमने सामने आ गए। जानकारी के अनुसार एक पक्ष के लोगों ने अवैध खनन करने के लिए कच्चा रास्ता बनाया था। इसी रास्ते से दूसरे के पक्ष के लोग अपने ट्रैक्टरों को निकालने लगे। जिस पर रास्ता बनाने वाले पक्ष ने एतराज किया।
इसी के बाद दोनों पक्षों में तनातनी हो गई और दोनों ओर से हवाई फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग की सूचना पर यूपी 100 कर्मी मौके पर पहुंचे तब तक फायरिंग करने वाले भाग गए थे। कुछ देर बाद पुलिस भी यहां से लौट गई। पुन: रात करीब साढ़े ग्यारह बजे फायरिंग होने पर गांव निवासी जयकरन सिंह ने इंस्पेक्टर कुरारा केके पांडेय को फोन पर सूचना दी।
जिस पर इंस्पेक्टर व यूपी 100 कर्मी गांव पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि उन्हें मौके पर न तो कारतूस के खोखे मिले है और न ही कोई ग्रामीण मिला। बताया कि जिस व्यक्ति ने सूचना दी थी वह भी नहीं मिला और न ही थाने में कोई तहरीर दी गई है।