अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
पुलिस थाना सदर के अंतर्गत रोपा गांव के दो साथियों ने पहले एक अन्य साथी के साथ मिलकर शराब पी। इसके बाद घर लौटते समय दोनों की आपस में कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद एक साथी ने दूसरे को गाड़ी से रात के समय अकेला सड़क पर उतार दिया। इसके बाद युवक ने पैदल साथी के घर पहुंचकर उसके साथ गालीगलौज और मारपीट की। मारपीट में एक साथी का दांत टूट गया। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दलीप चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है कि रविवार शाम करीब छह बजे वह विमल कुमार निवासी रोपा के साथ उसके ट्राले में रोपा गया। रास्ते में उनका एक और साथी राजीव कुमार निवासी भलेड़ा मिल गया। इसके बाद तीनों ने ठेके से शराब खरीदी और दुकान के अंदर बैठकर पी। फिर तीनों ट्राले में बैठे और राजीव को छोड़ने उसके घर भलेड़ा जाने लगे। रास्ते में किसी बात को लेकर विमल और दलीप में कहासुनी हो गई। इस पर विमल ने दलीप को अपने ट्राले से नीचे उतार दिया। इसके बाद राजीव को घर छोड़कर वापस अपने घर आ गया। दलीप रात करीब पौने 12 बजे अकेला विमल के घर जा पहुंचा। विमल का आरोप है कि इस दौरान दलीप ने उसके घर के आंगन में उसके साथ गालीगलौज और मारपीट कर दी। विमला का आरोप है कि मारपीट में उसका एक दांत भी टूट गया है। पुलिस ने विमल और दलीप दोनों की शिकायत पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी डॉ. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले की जांच की जा रही है।