सरीला। जरिया थानाक्षेत्र के अमूंद गांव में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की रंजिश में दबंगों ने प्रधान के जेठ पर हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने दस राउंड हवाई फायरिंग भी की है। पीड़ित की तहरीर पर पिता-पुत्र सहित तीन नामजद व 50 अन्य के विरुद्घ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
अमूंद गांव की ग्राम प्रधान कपूरी गुप्ता के जेठ बाबूराम ने बताया कि शुक्रवार शाम वह मकान के सामने कुछ लोगों के साथ बैठे थे। तभी गांव निवासी रामजीत अपनी कार लेकर आया और उसे अकारण गालीगलौज करने लगा। जब वह इसका उलाहना देने उसके घर गया तो रामजीत व उसके पिता रामकुमार ने उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
बाबूराम का आरोप है कि घटना के बाद रात करीब नौ बजे रामकुमार व उसके दोनों बेटे रामजीत व रामचंद्र हथियारों से लैस होकर करीब 50 लोगों के साथ उसके दरवाजे आ धमके और हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
किसी तरह वह जान बचाकर मकान के अंदर घुस गया। कहा दबंगों ने करीब दस राउंड हवाई फायरिंग की है। जिससे गांव में दहशत है। फायरिंग के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बाबूराम ने बताया कि उसके छोटे भाई की पत्नी ग्राम प्रधान है। आरोपी रामकुमार गांव में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा किए था। जिसे प्रधान कपूरी गुप्ता ने पिछले साल पुलिस व प्रशासन की मदद से कब्जा हटवाया था। तभी से वह रंजिश मानता है। आरोपी शातिर अपराधी है।
उसके विरुद्घ जनपद जालौन में हत्या का मामला विचाराधीन है। थानाध्यक्ष रामजीत गौण का कहना है कि मामला पुरानी रंजिश का है। उसी में हवाई फायरिंग हुई है। गांव का माहौल सामान्य है। पीड़ित की तहरीर पर रामकुमार व उसके बेटे रामचंद्र व रामजीत सहित 50 अज्ञात के विरुद्घ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
तीन नामजद व 50 अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो