अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। ग्राम पंचायत पंधेड़ में सोमवार को 252 वर्ग मीटर का एक पॉलीहाउस पास में रखे कूड़े के ढेर में लगाई आग से जलकर राख हो गया। पॉलीहाउस में रविवार रात को आग लगी थी जिसे मालिक ने सोमवार सुबह देखा। आग की घटना के कारण पॉलीहाउस मालिक को चार लाख का नुकसान हुआ है। पॉलीहाउस मालिक विजय शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह अपने पॉलीहाउस में काम करने आया, उसने देखा कि पॉलीहाउस जल चुका है। इसकी सूचना उसने पंचायत और कृषि अधिकारियों को दी। उसने बताया कि लोगों ने अपने खेतों और जमीन की सफाई के लिए रविवार को खेतों में आग लगाई गई थी। उसे बुझाया नहीं गया और गर्मी से आग पॉलीहाउस तक पहुंच गई। जिसें वह जल गया। पॉलीहाउस जलने से उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पोलीहाउस में धनिया, शिमला मिर्च और खीरा की पौध पिछले माह ही लगाई थी। आग से फसल खराब हो गई। उसने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारी मंगलवार को मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन करेंगे। उसने विभाग से मदद की गुहार लगाई है।