अमर उजाला ब्यूरो
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के अंतर्गत रैल पंचायत के गांव हार में चोरों ने कुछ घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। साथ ही शिव मंदिर का दानपात्र तोड़ इससे चढ़ावे के करीब चार सौ रुपये चोरी कर ले गए। वीरवार रात चोरों ने हार गांव स्थित शिव मंदिर का दरवाजा तोड़ा और मंदिर परिसर में घुसे। यहां दानपात्र को तोड़ा और इसमें चढ़ावे के करीब चार सौ रुपये ले गए। शुक्रवार सुबह लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो उन्होंने दानपात्र टूटा हुआ पाया। हालांकि दानपात्र में चढ़ावा का राशि कम थी। मंदिर में चोरी करने के बाद चोरों ने सुरजीत कुमार के घर से दो बाल्टियां, महेंद्र सिंह के घर के बाहर पड़ा एक तिरपाल, प्रदीप के घर से लकड़ी और जय राम के घर से करीब चार फुट लंबी पाइप सहित नल भी खोलकर ले गए हैं। थाना प्रभारी नादौन सतीश कुमार का कहना है कि पुलिस के पास चोरियों बारें कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।