राठ। खेत में खड़ी मटर की फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया गया। इसके बाद अन्ना मवेशी फसल चरने पहुंच गए। जिससे पांच जानवरों की मौत हो गई। सुबह जब किसानों ने अन्ना जानवरों को मृत देखा तो सनसनी फैल गई।
बवाल की आशंका पर भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया। सूचना पर एडीएम विनय प्रकाश श्रीवास्तव, एएसपी संतोष कुमार, एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ अभिषेक यादव पहुंचे। किसी तरह माहौल शांत कर पुलिस ने अन्ना जानवरों का पोस्टमार्टम कराया और जमीन में दफना दिया।
चिकासी थानाक्षेत्र के रावतपुरा के चौकीदार असलम खान ने बताया रविवार सुबह गांव के हरचरन, महिपत, रघुवीर, महेश और मचहरी गांव निवासी हरिओम के खेतों पर अन्ना जानवर मरे पड़े थे।
जब किसानों ने खेतों पर मरे पड़े जानवरों को देखा तो हड़कंप मच गया। ग्रामीण भागवली, नारायणदास, तेजपाल, विक्रम, अभिषेक, रोहित ने बताया गांव से तीन किमी दूर रहंक निवासी शिवहरे के खेत में मटर की फसल खड़ी है।
उनके खेत पर कीटनाशक दवा का छिड़काव हुआ है। लोगों ने संभावना जताते हुए बताया उसी खेत में अन्ना जानवरों ने फसल चरी होगी। इस पर एएसपी और एडीएम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
खेत मालिक ने अधिकारियों को बताया कि उसने अपने खेत में यूरिया खाद डाली है। बताया उसने किसी भी कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं किया है। वहीं एसडीएम का कहना है कि फसल का सैंपल ले लिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहीं पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत जानवरों का पोस्टमार्टम किया।
उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. नवल सचान ने बताया अन्ना जानवरों की मौत अत्यधिक चारा खाने से हुई है। बताया चारे के साथ जहरीली दवा खाने से पेट में गैस बनी और सांस रुकने से मवेशियों की मौत हो गई।
फसल सूंघने पर अधेड़ बेहोश हुुआ
राठ। मटर की फसल में जहरीली दवा का छिड़काव हुआ है कि नहीं यह देखने गए गांव के विक्रम सिंह (48) चकराकर गिर पड़े। अधेड़ की हालत खराब होने पर प्रशासन के हाथ पैर फूल गए। तहसीलदार रामानुज शुक्ला उसे गाड़ी में बैठाकर गोहांड सीएचसी ले गए। वहीं इसी गांव के तेजप्रताप को भी दवा की गंध से चक्कर आने लगे। सीओ अभिषेक यादव ने बताया किसान की हालत में सुधार है।
मटर की फसल में किसान ने कीटनाशक दवा का छिड़काव किया था
घटना की सूचना पर एडीएम, एएसपी, एसडीएम व सीओ गांव पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो