वनों को हरा भरा करने के लिए वन विभाग ने उमराहट गांव के जंगल में छायादार पौधे रोपित कर वन महोत्सव मनाया।
उमराहट जंगल में सुनील कुमार ग्राम प्रधान मिश्रीपुर व वन क्षेत्राधिकारी मुकेश कुमार भटनागर ने पीपल का पेड़ लगाकर वन महोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत की।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि 1 से 7 जुलाई तक समूचे विकासखंड क्षेत्र के जंगलों बेरी, पारा, कंडौर, शीतलपुर, डिमुंहा, सिकरोढ़ी, भौली, मिश्रीपुर आदि में हरियाली लाई जाएगी। 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है।
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शासन ने पूरे प्रदेश में एक करोड़ पौधे लगाने के निर्देश दिए हैं। वहीं ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए वन उत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
उमराहट जंगल में 25 हेक्टेयर में 12,500 छायादार पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों को अन्ना पशुओं से बचाने के लिए सुरक्षा खाई व कंटीली झाड़ लगाई जाएगी। वन महोत्सव में वन दरोगा सुजीत सिंह, वनरक्षक रामलखन, स्वामीदीन, अमर सिंह, महेश्वरीदीन के अलावा उमराहट व मिश्रीपुर के ग्रामीण मौजूद रहे।