अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
पुलिस थाना सदर के अंतर्गत ठाणा दरोगण में एक युवक के खाता से शातिरों ने 18 हजार निकाल लिए है। शातिरों ने युवकों ने एटीएम कार्ड नंबर और पिन नंबर पूछा। इसके बाद चोरों ने ऑनलाइन शॉपिंग की। ऑनलाइन शॉपिंग के बाद युवक के मोबाइल पर नकदी निकासी का संदेश आया। इसके बाद युवक को आभास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है। पीड़ित सुनील कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर उसे मोबाइल पर कॉल आई। कॉलर ने अपना परिचय बैंक अधिकारी के रूप में दिया। उसने बताया कि सुनील कुमार को नया एटीएम कार्ड जारी किया जा रहा है। नए एटीएम कार्ड को एक सप्ताह के भीतर चालू करने के लिए फर्जी कालर ने उसके एटीएम कार्ड का नंबर और पिन नंबर जांचा। इसके बाद फर्जी बैंक अधिकारी ने कॉल डिस्कनेकट कर दी। करीब आधा घंटा बाद उसके मोबाइल पर 18 हजार की नकदी निकासी का संदेश आया लेकिन इन बॉक्स में काफी अनरेड मेसेज होने से उसने संदेश नहीं पढ़ा। रात के समय उसने मोबाइल के अनरेड मेसेज चेक किए तो नकदी निकासी का मैसेज देख उसके होश उड़ गए। उसे तब आभास हुआ कि वह ठगी का शिकार हुआ है। हालांकि युवक ने इसकी बैंक शाखा के टोल फ्री नंबर पर भी संपर्क किया लेकिन यहां से उसे 18 हजार की ऑनलाइन शॉपिंग होने की जानकारी मिली। बीते एक हफ्ते के भीतर तीन ठगी के मामले आ चुके हैं लेकिन अभी तक पुलिस एक भी मामले की गुत्थी को नहीं सुलझा पाई है। दो दिन पहले ही गांधी चौक में दो शातिरों ने महिला के एटीएम प्रयोग कर उसके खाते से 40 हजार रुपये की नकदी ट्रांसफर कर ली थी लेकिन इन शातिरों का अब तक कोई सुराग नहीं चल पाया है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार का कहना है कि पुलिस के पास अभी शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले दर्ज हुए मामलों की छानबीन की जा रही है।