अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के अंतर्गत गांधी चौक हमीरपुर से करोड़ों रुपये डकारने वाली कंपनी के फरार आरोपी कर्मचारी को पुलिस ने सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया। 420 करने वाली कंपनी के इस आरोपी कर्मचारी को पुलिस ने शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। विशंभर लाल पुत्र डिब्बो राम निवासी मालग, नादौन ने पुलिस थाना सदर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 2012-2016 तक उसने राजेश कुमार के पास आरडी और एफडी के तहत गांधी चौक हमीरपुर में आरडीपीएल और उम्मीद कंपनी में पैसा जमा करवाया था। 2016 को इसकी एफडी और आरडी मिच्योर हो गई लेकिन राजेश कुमार ने उसे मैच्योरिटी राशि नहीं दी। हालांकि वह गांधी चौक में स्थित कंपनी कार्यालय में गया लेकिन यहां कार्यालय कर्मचारी प्रवीण कुमार ने उसे मैच्योरिटी राशि नहीं दी गई। जनवरी 2017 में प्रवीण कुमार गांधी चौक में स्थित कार्यालय को बंद कर फरार हो गया। बतातें चलें कि कंपनी में दर्जनों इन्वेस्टरों और लोगों ने करोड़ों रुपये जमा करवा रखे हैं। विशंभर लाल की शिकायत पर पुलिस ने प्रवीण कुमार रोहिला पुत्र हवा सिंह निवासी आदर्श नगर सोनीपत, हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। एएसपी डॉ. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर ले लिया है।