हमीरपुर। जजी परिसर में सोमवार को पेशी पर आया बंदी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। जानकारी होने पर उसे पेशी पर लाए पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया।
उसे किशोरी को ले जाने के आरोप में जालौन जिले की कोतवाली पुलिस ने बीते साल गिरफ्तार किया था। तभी से वह जिला कारागार में निरुद्ध था। घटना की सूचना पर एसपी अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हैं।
जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र में जनपद जालौन के थाना कालपी के छौंक गांव निवासी विशाल उर्फ मालिक सिंह रहता था। इसी बीच वह गांव की एक किशोरी को बहला कर ले गया था। इस मामले में किशोरी के पिता ने विशाल और उसकी पत्नी रागिनी के खिलाफ धारा 363/366 पास्को एक्ट के तहत 29 अप्रैल 2017 को मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने किशोरी को तलाशकर आरोपी को 31 अगस्त 2017 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कोर्ट में किशोरी के बयान के आधार पर विशाल की पत्नी रागिनी का भी घटना मेें हाथ होने पर वारंट जारी किया गया था।
मगर उसकी पत्नी अभी तक कोर्ट में हाजिर नहीं हुई है। सोमवार को जिला कारागार से विचाराधीन बंदी विशाल को इसी मामले में पेशी पर पुलिस अभिरक्षा में प्रथम अपर सत्र न्यायालय कोर्ट लाया गया था। पेशी के बाद बंदी ने अभिरक्षा में लगे कांस्टेबल रामरतन वर्मा व होमगार्ड लाल सिंह यादव से लघुशंका जाने के लिए कहा।
इस पर सिपाही ने उसे बाथरूम के अंदर भेज खुद दरवाजे के बाहर खड़ा हो गया। लेकिन जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो सिपाही ने अंदर जाकर देखा तो वह गायब था। अदालत की दूसरी मंजिल के बाथरूम में जाकर देखा तो इसके ऊपर तीसरी मंजिर पर बने बाथरूम का दरवाजा खुला मिला।
इस पर शक जताया गया कि बंदी बाथरूम की अंडर ग्राउंड सीढ़ियों से चढ़कर ऊपरी मंजिल पर पहुंचा और वहां से आराम से निकल गया। इसकी सूचना मिलते ही काफी देर तक कोर्ट के अंदर सिपाहियोें ने खोजबीन की। लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं लगा।
उन्होंने जेल कारागार के अधिकारियों को बंदी के कोर्ट से फरार हो जाने की सूचना 2:35 बजे दी। एसपी अजय कुमार सिंह, सीओ सदर रजनीश कुमार उपाध्याय व कोतवाली पुलिस ने छानबीन की। बंदी की गिरफ्तारी को लेकर थानाें को अलर्ट किया गया है। एसपी ने कहा बंदी की अभिरक्षा में तैनात सिपाही व होमगार्ड पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई हैं।
जिला कारागार से पेशी पर लाया गया था, बाथरूम की अंडरग्राउंड सीढ़ियों से हुआ फरार
अमर उजाला ब्यूरो