राठ। कोतवाली क्षेत्र के पहाड़ी गढ़ी गांव में चोरों ने दो घरों से लाखों के जेवर व नगदी चोरी कर ले गए। चोर गांव के बाहर तालाब किनारे बक्सा फेंककर भाग गए। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पहाड़ी गढ़ी गांव निवासी पीड़ित तुलाराम राजपूत ने बताया वह खेती करते हैं। रविवार रात वह पत्नी ऊषा व छोटे पुत्र महेंद्र के साथ छत पर सो रहे थे। नीचे कमरे में बड़े पुत्र किशन व बहू किरन लेटीं थीं। तभी छत के रास्ते से चोर घर में घुस आए। चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा बक्सा उठा लिया। गांव के बाहर तालाब किनारे बक्से को तोड़कर जेवर व तीन हजार रुपये निकाल लिए। बताया बक्से में सोने का हार, मंगलसूत्र, जंजीर, तीन अंगूठी, झुमकी, नथुनी, चांदी की हाफ पेटी, पायलें, चार जोड़ी तोड़िया व बिछुआ रखा था। चोरी गए जेवर की कीमत करीब चार लाख रुपये है।
उन्होंने बताया तीन मई को बड़े पुत्र किशन का विवाह हुआ था। चोरी गए जेवर बहू किरन के थे। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मचा है। वहीं गांव के ही अर्जुन कुमार श्रीवास ने बताया रविवार रात चोर उनके घर में घुस गए। चोरों ने कमरे में खूंटी से टंगे पैंट की जेब से 15 हजार रुपये चोरी कर लिए। जाते वक्त चोर मकान के बाहर से कुंदी बंद कर गए। ग्रामीणों ने बताया एक माह में चोरी की यह चौथी घटना है। यदि जल्द ही चोरियों का खुलासा नहीं हुआ तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।