भरुआसुमेरपुर। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई हिंसा में अब नया मोड़ आ गया है। नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख व सपा के मंडल प्रभारी के तहरीर देने के बाद अब भाजपा समर्थित प्रत्याशी व बीडीसी ने सपा ब्लाक प्रमुख व मंडल प्रभारी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है घटना के साक्ष्य मिलने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बतादें 10 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान भाजपाइयों और सपाइयों के बीच ब्लॉक गेट पर विवाद हुआ था। मारपीट में सपा प्रत्याशी की गाड़ी के शीशे तोड़े गए थे। इस मामले में 12 जुलाई को नवनिर्वाचित सपा ब्लाक प्रमुख जयनारायण सिंह यादव और सपा व्यापार सभा के मंडल प्रभारी नंदकिशोर शिवहरे ने तहरीर देकर भाजपा नेता समेत 64 लोगों को नामजद और 175 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को कहा था। लेकिन पुलिस ने आश्वासन देकर टकरा दिया था। इधर इस मामले में नया मोड़ आ गया है।
13 जुलाई को भाजपा प्रत्याशी पूजा सिंह व बीडीसी पवन सिंह ने तहरीर दी है। जिसमें गाड़ी में तोड़फोड़, जेब में पड़े रुपये लूटने, एक सप्ताह के अंदर बीस लाख रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पवन सिंह ने तहरीर में ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य के खिलाफ, जबकि भाजपा प्रत्याशी ने अपनी तहरीर में सपा व्यापार सभा के मंडल प्रभारी समेत अन्य को शामिल किया है। थानाध्यक्ष वीपी सिंह ने बताया दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है। पुलिस घटना के साक्ष्य एकत्र कर रही है। घटना के साक्ष्य मिलने के बाद मुकदमा दर्ज करके विवेचना शुरू की जाएगी।