हमीरपुर। शहर स्थित पीएनबी शाखा में लाखों रुपये के गबन के मामले में आरोपी असिस्टेंट मैनेजर सस्पेंड कर दिए गए हैं। पुलिस ने रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो चौंकाने वाले मामले सामने आए। पुलिस ने गबन की रकम सट्टे में गवाने की बात बताई है।
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में कार्यरत असिस्टेंट मैनेजर मो. आमिर के खिलाफ ब्रांच मैनेजर नागेंद्र सिंह ने सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उन्होंने यूजर आईडी के जरिए बैंक की 38 लाख रुपये की धनराशि अपने वेतन वाले खाते में हस्तांतरित कर गबन किया है। इससे पहले साढ़े सात लाख रुपये असिस्टेंट मैनेजर ने सैलरी खाते में ट्रांसफर किए थे। पुलिस ने आरोपित असिस्टेंट मैनेजर का सैलरी खाता सीज करने के साथ ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में उसे रिमांड में लेकर कोतवाली में पूछताछ की। जिसमें चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं।
इधर पीएनबी के मैनेजर नागेंद्र सिंह ने बताया गबन के मामले में असिस्टेंट मैनेजर मो. आमिर को सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश हुए हैं। बताया मंडलीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया आरोपी असिस्टेंट मैनेजर मो. आमिर ने पूछताछ में कहा बैंक की 38 लाख रुपये की धनराशि में 25 लाख सट्टे में हार गए हैं और ये धनराशि सट्टे के कारोबारी के खाते में भेजी गई थी। उस खाते के संचालन पर रोक लगा दी है। जबकि गबन की बाकी धनराशि घरेलू और अन्य कार्यों में खर्च करने की बात स्वीकारी है। उन्हें जेल भेजा जा चुका है।