राठ। क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनाव में पत्नी को करारी हार मिलने के सदमे में युवक ने फांसी लगा ली। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे युवक की मौत हो गई। वह एक माह से बीमार भी चल रहा था।
सरसई गांव निवासी भूपेंद्र अहिरवार (29) ने हाल ही में हुए पंचायत चुनाव में अपनी पत्नी अर्चना को क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर लड़ाया था। जिसमें अर्चना 130 वोट पाकर चौथे स्थान पर रहीं थीं। चुनाव में मिली करारी हार से भूपेंद्र परेशान रहने लगे। पिता हरगोविंद उर्फ पक्कू अहिरवार ने बताया हार के सदमे से उनके पुत्र परेशान थे। वहीं बीते एक माह पहले बुखार से भी पीड़ित थे। जिसका काफी दिनों तक उपचार कराना पड़ा। शारीरिक व मानसिक परेशानी ने भूपेंद्र को अंदर तक तोड़ दिया था।
उन्होंने बताया शनिवार सुबह करीब पांच बजे भूपेंद्र शौच क्रिया जाने की बात कह कर खेतों की ओर गए। दो घंटे तक वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों ने गांव के ही यज्ञनारायण के खेत में नीम के पेड़ पर गमछे से शव लटकता देख परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। पिता ने बताया मृतक उरई में रहकर मजदूरी करता था। खेती के कार्य से कुछ दिन पहले ही लौटे थे। अपने पीछे मां पुनियां, पत्नी अर्चना, पुत्री अंतरा (6), राधा (4), पुत्र अंश (3) और 2 माह की पुत्री को रोता छोड़ गए हैं।