भरुआसुमेरपुर थाना क्षेत्र में एक किसान ने कुएं में कूदकर जान दे दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची जहां जांच करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजन आत्महत्या का कारण कर्जा बता रहे हैं।
हमीरपुर जिले में भरुआसुमेरपुर के पंधरी गांव में रविवार को देर शाम कर्ज से परेशान एक किसान ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। उस पर बैंक का साढ़े चार लाख और बिजली का डेढ़ लाख रुपये बकाया था। किसान विजय पाल सिंह (45) के पास 22 बीघे खेतिहर जमीन थी।
विज्ञापन
रविवार देर शाम वह गांव में ही घर के पास बने कुएं में कूद गया। परिजन उसे निकाल कर पीएचसी ले गए। वहां मृत घोषित कर दिया। पत्नी सरोज देवी ने बताया कि पति ने स्टेट बैंक से तीन लाख व कोऑपरेटिव बैंक डेढ़ लाख रुपये का कर्ज ले रखा था। डेढ़ लाख रुपये का घर और निजी नलकूप का बिजली का बिल बकाया है।
फसल ठीक न होने के कारण वह बैंक व बिजली का बकाया नहीं जमा कर पा रहा था। इससे बैंक के अधिकारियों द्वारा अक्सर कर्ज जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। इसके साथ ही बिजली के बकाये की आरसी जारी होने पर राजस्व विभाग के कर्मी एक बार पति को पकड़ भी ले गए थे।
बैंक कर्ज व बिजली के बकाये से पति परेशान रहते थे। इसी कारण उन्होंने रविवार को देर शाम कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। मृतक अपने पीछे पत्नी सरोज देवी, पुत्री दीपाली (15) पुत्र आयुष सिंह (9) को रोता छोड़ गया है।